रायगढ़ में होटलों की रसोई तक पहुंची खाद्य विभाग की जांच टीम, जोहाल पैलेस और जिंदल रेसीडेंसी से 8 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित...

  • सुरक्षित आहार, हमर अधिकार अभियान के तहत कार्रवाई; चावल, पनीर, दाल और ग्रेवी की गुणवत्ता की होगी जांच, प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई...

रायगढ़। आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने शहर के प्रतिष्ठित होटल जोहाल पैलेस और जिंदल रेसीडेंसी का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। जांच के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से चावल, पनीर, दाल सहित कुल आठ खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

विभाग द्वारा 16 से 30 नवंबर तक संचालित 'सुरक्षित आहार, हमर अधिकार' अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन कराना है।

दोनों होटलों से लिए गए चार-चार खाद्य पदार्थों के नमूने - निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम केवड़ाबाड़ी चौक स्थित जोहाल पैलेस पहुंची। यहां से पके हुए चावल, पनीर, दाल और प्याज की ग्रेवी के नमूने संग्रहित किए गए।

इसी तरह जगतपुर रोड स्थित जिंदल रेसीडेंसी का निरीक्षण कर दाल, पनीर, चावल और आटे के नमूने लिए गए। सभी आठ नमूनों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

किचन की स्वच्छता, पेयजल और कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर विशेष जोर - निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी निर्धारित नियमों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। होटल परिसर और रसोईघर की नियमित सफाई, पेयजल की गुणवत्ता की जांच, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रखरखाव तथा भोजन तैयार करने वाले कर्मचारियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने को कहा गया।

इसके अलावा किचन में नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने, खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों का निर्धारित सीमा के भीतर उपयोग करने, अखबार में खाद्य सामग्री नहीं रखने तथा खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल करने से बचने की हिदायत दी गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ उनकी तैयारी, भंडारण और परोसने की स्वच्छता भी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।

फार्म हाउस किचन में एक्सपायरी मैदा मिलने पर पहले भी हुई कार्रवाई - खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग की सक्रियता के बीच हाल ही में फार्म हाउस किचन में निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी मैदा मिलने का मामला भी सामने आया था। विभागीय टीम ने मौके पर ही मैदा नष्ट कराया था। इसके साथ ही संबंधित किचन का खाद्य लाइसेंस तीन दिनों के लिए निलंबित कर प्रतिष्ठान को बंद कराया गया था।

इस कार्रवाई के बाद विभाग ने अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों को भी स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

15 से अधिक खाद्य नमूने प्रयोगशाला भेजे गए - विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अभियान के अंतर्गत अब तक 15 से अधिक खाद्य पदार्थों के नमूने परीक्षण के लिए रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण लगातार जारी है।

प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं की सेहत से जुड़ा है मामला, नियमित निगरानी जरूरी - होटल और रेस्टोरेंट में भोजन करने वाले उपभोक्ताओं का भरोसा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर निर्भर करता है। ऐसे में खाद्य विभाग की यह पहल महत्वपूर्ण है। हालांकि, अभियान की वास्तविक सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब निरीक्षण के साथ-साथ नियमित निगरानी, प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा केवल विभागीय कार्रवाई का विषय नहीं, बल्कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य और अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है। ऐसे में आवश्यक है कि प्रत्येक खाद्य प्रतिष्ठान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करे।