पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ देखकर खोया आपा! कुल्हाड़ी से वार कर उतारा मौत के घाट, फिर रची खाट से गिरने की झूठी कहानी, आरोपी गिरफ्तार...
- जशपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात, बहन के संदेह ने खोला हत्या का राज; कब्र से निकला शव तो सामने आई पति की दरिंदगी
जशपुर। पत्नी की संदिग्ध मौत को हादसा बताकर दफन कर देने का मामला आखिरकार हत्या के सनसनीखेज खुलासे में बदल गया। पत्नी के चरित्र पर संदेह और कथित आपत्तिजनक स्थिति देखने की बात को लेकर गुस्साए पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों को गुमराह करने के लिए पत्नी के खाट से गिरने और सिर में चोट लगने से मौत होने की कहानी सुना दी। परिजनों ने इसे सच मानकर शव दफना दिया, लेकिन मृतिका की बहन के मन में उठे संदेह ने पूरे मामले की दिशा बदल दी।
बहन की शिकायत पर पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। मेडिकल रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक सामने आते ही कथित हादसे के पीछे छिपा हत्या का राज उजागर हो गया। पुलिस ने आरोपी पति मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पूरा मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरबहार के चौहान पारा का है।
खाट से गिरने की कहानी सुनाई, लेकिन चोटों ने खड़े किए गंभीर सवाल - पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पार्वती बाई (52) का विवाह ग्राम खजूरबहार निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62) से हुआ था। 6 नवंबर 2026 की शाम लगभग 5 बजे मृतिका की बहू ने उसकी छोटी बहन सीता बाई (45), निवासी कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर को फोन कर पार्वती बाई की मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही अगले दिन सीता बाई गांव पहुंचीं। वहां अपनी बड़ी बहन का शव घर के कमरे में देखकर वह स्तब्ध रह गईं। मृतिका के सिर और माथे पर चोट के निशान थे तथा खून भी निकला हुआ था।
पूछने पर पति मुखलाल राम ने बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थीं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई। आरोपी की इस कहानी पर भरोसा करते हुए परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव दफना दिया।
बहन के संदेह ने उखड़वाई कब्र, पोस्टमॉर्टम में हत्या की पुष्टि - हालांकि, बहन सीता बाई के मन में अपनी बड़ी बहन की मौत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। उन्हें परिस्थितियां सामान्य नहीं लगीं और हत्या की आशंका गहराती चली गई। आखिरकार 20 नवंबर को उन्होंने कुनकुरी थाने पहुंचकर संदिग्ध मौत की शिकायत दर्ज कराई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की।
गवाहों के बयान दर्ज किए गए और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कब्र से शव बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया गया।पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट ने मामले की तस्वीर बदल दी। डॉक्टर ने मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई। इसके बाद पुलिस का संदेह हत्या की दिशा में केंद्रित हो गया।
चरित्र पर संदेह बना खूनी वारदात की वजह, कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार - पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मुखलाल राम के खिलाफ धारा 103(1), 238(क) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। 6 नवंबर को दोपहर लगभग 12:30 से 1 बजे के बीच उसने कथित तौर पर अपनी पत्नी को किसी अन्य व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर वह गुस्से में आ गया और घर में रखी कुल्हाड़ी के पासा वाले हिस्से से पार्वती बाई के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण पार्वती बाई की मौत हो गई।
हत्या के बाद हादसे का रूप देने की कोशिश, पुलिस ने जब्त की कुल्हाड़ी - आरोप है कि पत्नी की हत्या करने के बाद मुखलाल राम ने खुद को बचाने के लिए परिजनों के सामने खाट से गिरने की मनगढ़ंत कहानी पेश की। उसकी बात पर विश्वास कर परिवार ने शव दफना दिया। लेकिन मृतिका की बहन की सतर्कता और पुलिस की जांच ने इस कथित साजिश को बेनकाब कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी मृतिका की बहन का संदेह और उसके द्वारा की गई शिकायत साबित हुई। यदि सीता बाई मौत की परिस्थितियों पर सवाल नहीं उठातीं, तो संभवतः यह मामला एक सामान्य हादसा मानकर ही समाप्त हो जाता। : राकेश कुमार पाटनवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी), जशपुर।
संपादकीय टिप्पणी: यह मामला घरेलू रिश्तों में पनपते संदेह, हिंसक प्रतिक्रिया और अपराध के बाद सच्चाई छिपाने की कोशिश का गंभीर उदाहरण है। किसी भी परिस्थिति में संदेह या वैवाहिक विवाद हत्या को उचित नहीं ठहरा सकता। मामले में पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
