जशपुर में गौ तस्करों पर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ बना काल! 7 मवेशियों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया, बालेश्वर राम गिरफ्तार; 40 आपराधिक मामलों के कथित रिकॉर्ड वाला फरार सरगना संजीव उर्फ संजू भी गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल...
जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस ने अब सख्त तेवर अपना लिए हैं। गौ तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के इरादे से चलाया जा रहा पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’ लगातार कार्रवाई के जरिए सुर्खियों में है। महज दो दिनों के भीतर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए सात मवेशियों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया, एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया और लंबे समय से फरार चल रहे कथित मुख्य तस्कर संजीव सिंह उर्फ संजू को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की इन कार्रवाइयों से साफ संकेत मिल रहा है कि जिले में पशु तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अब लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
खरसोता जंगल में पुलिस की घेराबंदी, 7 मवेशी मुक्त; बालेश्वर राम गिरफ्तार - पहली कार्रवाई 25 नवंबर 2026 को चौकी मनोरा क्षेत्र के ग्राम खरसोता जंगल पुलिया के पास की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को बेरहमी से मारते-पीटते हुए पैदल हांककर ले जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की।मौके पर पुलिस ने चार बैल और तीन भैंस सहित कुल सात मवेशियों को बरामद किया। कार्रवाई के दौरान बालेश्वर राम (38 वर्ष), निवासी ग्राम छतोरी, चौकी सोनक्यारी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसके साथ मौजूद तीन अन्य संदिग्ध आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा बीएनएस की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है।
40 आपराधिक प्रकरणों वाला कथित तस्करी सरगना भी पुलिस के शिकंजे में - ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस को दूसरी बड़ी सफलता उस समय मिली, जब लंबे समय से फरार चल रहे संजीव सिंह उर्फ संजू को कुनकुरी से गिरफ्तार कर लिया गया। यह मामला 10 अप्रैल 2026 का है। उस दिन चौकी सोनक्यारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम गुल्लू में ईब नदी के पास कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पैदल हांककर ले जाए जा रहे 10 गौवंशों को मुक्त कराया था। मौके से मुकेश राम को गिरफ्तार किया गया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार मुकेश राम ने कथित तौर पर बताया था कि मवेशियों को संजीव सिंह उर्फ संजू, शंभू यादव और भादरो यादव के कहने पर कजरा से गुल्लू नदी तक ले जाया जा रहा था।
घटनास्थल से पुलिस ने एक डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-14-MP-8942 भी जब्त की थी, जो पुलिस जांच के अनुसार संजीव सिंह की बताई गई। इसके बाद से ही संजीव सिंह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच मुखबिर तंत्र और तकनीकी टीम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को उसके कुनकुरी स्थित घर में मौजूद होने का पता चला। 25 नवंबर की रात करीब 12 बजे चौकी सोनक्यारी और थाना कुनकुरी की संयुक्त टीम ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद संजीव सिंह को विधिवत गिरफ्तार कर 26 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
40 आपराधिक रिकॉर्ड का दावा, पशु तस्करी से लेकर लूट और चोरी तक के मामले - पुलिस के मुताबिक, संजीव सिंह उर्फ संजू आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध जशपुर जिले के विभिन्न थानों एवं चौकियों में पशु तस्करी, लूट, चोरी सहित अन्य अपराधों से जुड़े लगभग 40 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और पशु तस्करी से जुड़ी अन्य गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह का सख्त संदेश : तस्करी में शामिल किसी को नहीं मिलेगी राहत -डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जिले में ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि गौ तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत किया है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
दो दिनों में दो बड़ी कार्रवाइयां, सात मवेशियों की मुक्ति और फरार आरोपी की गिरफ्तारी ने तस्करों को कड़ा संदेश दिया है। अब पुलिस की नजर फरार आरोपियों पर है। सवाल सिर्फ गिरफ्तारी का नहीं, बल्कि उस पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का है, जिसके जरिए मवेशियों की अवैध तस्करी को अंजाम दिया जा रहा है।
जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद जारी है और तस्करी के इस कथित नेटवर्क की अगली कड़ी तक पहुंचना अब पुलिस के सामने बड़ी चुनौती है।
