रायगढ़ में औद्योगिक प्लांट की सुरक्षा में सेंध! क्रेन से 45 हजार की कॉपर ट्यूब पार, फिर कबाड़ियों के हाथों हुआ सौदा; नित्यानंद, पतालू और लक्ष्मी प्रसाद गिरफ्तार...



  • प्लांट का पूर्व क्रेन ऑपरेटर ही निकला चोरी का मास्टरमाइंड, दीवार के बाहर फेंका माल और अगले दिन आरी से काटकर किया गायब!...
  • चोरी की संपत्ति को ठिकाने लगाने ऑटो बना जरिया, कबाड़ी तक पहुंचा चोरी का माल; पूंजीपथरा पुलिस ने 15 किलो कॉपर ट्यूब की बरामद...

रायगढ़। औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर कीमती धातु पर हाथ साफ करने और फिर चोरी के माल को कबाड़ियों के जरिए बाजार में खपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में हुई कॉपर ट्यूब चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस प्लांट में आरोपी पहले क्रेन ऑपरेटर के रूप में काम कर चुका था, उसी क्रेन का इस्तेमाल कर उसने करीब 20 किलोग्राम कॉपर ट्यूब चोरी कर ली।

चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने माल को प्लांट की पिछली दीवार के बाहर फेंका, अगले दिन आरी से काटकर छोटे-छोटे हिस्सों में बांटा और अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर धीरे-धीरे बेचने लगा। इस पूरे खेल में ऑटो चालक ने माल को खरीदार तक पहुंचाने में सहयोग किया, जबकि एक कबाड़ी ने चोरी की संपत्ति खरीदी। आखिरकार पूंजीपथरा पुलिस ने इस कथित चोरी की पूरी कड़ी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

क्रेन से चोरी, आरी से कटाई और कबाड़ियों तक सप्लाई! - पुलिस के मुताबिक, वेजरॉन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के जनरल मैनेजर दीप मुखर्जी ने 24 नवंबर को थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई थी। प्लांट से करीब 20 किलो कॉपर ट्यूब गायब थी, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई गई। शिकायत पर अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना ने पूरे मामले की दिशा बदल दी। पुलिस को पता चला कि छोटेपाली इंदिरा आवास निवासी नित्यानंद राठिया चोरी की कॉपर ट्यूब लेकर ऑटो चालक के साथ रायगढ़ की ओर जा रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया।

पूर्व कर्मचारी ने ही अपने पुराने प्लांट को बनाया निशाना! - पूछताछ में मुख्य आरोपी नित्यानंद राठिया ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को चोरी की पूरी कहानी बता दी। आरोपी पहले वेजरॉन प्लांट में क्रेन ऑपरेटर था। इसी दौरान 2 अक्टूबर की रात उसने क्रेन की मदद से करीब 20 किलो कॉपर ट्यूब उठाई और प्लांट की पिछली दीवार के बाहर फेंक दी। अगले दिन उसने आरी ब्लेड से ट्यूब काटकर अलग-अलग हिस्से कर दिए और चोरी के माल को छिपा दिया।

इसके बाद शुरू हुआ चोरी की संपत्ति को ठिकाने लगाने का सिलसिला। आरोपी ने अलग-अलग कबाड़ियों को कॉपर ट्यूब बेचकर करीब 5 हजार रुपये हासिल किए। वहीं लगभग 5 किलो कॉपर ट्यूब रायगढ़ के पूछापारा निवासी कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश को 5 हजार रुपये में बेची। इस सौदे में ऑटो चालक विकास उर्फ पतालू को 2 हजार रुपये दिए गए।

चोरी का माल खरीदने वाला कबाड़ी भी पुलिस की गिरफ्त में! - पुलिस की जांच में सामने आया कि चोरी की कॉपर ट्यूब को कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश ने खरीदा था। पुलिस के अनुसार, उसे संपत्ति के चोरी का होने की जानकारी थी। इसके आधार पर उसके विरुद्ध बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई।

वहीं ऑटो चालक विकास उर्फ पतालू पर चोरी के माल की बिक्री में सहयोग करने का आरोप है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

15 किलो कॉपर ट्यूब बरामद, तीनों की भूमिका आई सामने - पुलिस ने मुख्य आरोपी नित्यानंद राठिया की निशानदेही पर करीब 5 किलो, कबाड़ी लक्ष्मी प्रसाद महेश के कब्जे से करीब 5 किलो और ऑटो चालक विकास के ऑटो में लोड करीब 5 किलो कॉपर ट्यूब जब्त की। इस तरह कुल करीब 15 किलो कॉपर ट्यूब बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपी :

  • नित्यानंद राठिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी छोटेपाली, इंदिरा आवास, पूंजीपथरा।
  • लक्ष्मी प्रसाद महेश, उम्र 38 वर्ष, निवासी पूछापारा, गायत्री नगर, रायगढ़।
  • विकास उर्फ पतालू सहिस, उम्र 28 वर्ष, निवासी जोगीडीपा, रायगढ़।
एसएसपी के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई - एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में पूंजीपथरा पुलिस ने यह कार्रवाई की।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज देवांगन, प्रधान आरक्षक पारसमणी बेहरा, आरक्षक हेमसागर पटेल, विनय तिवारी, आदिकंद प्रधान, चन्द्र शेखर चन्द्राकर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

बड़ा सवाल : औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा कितनी मजबूत? - इस घटना ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों की गतिविधियों पर निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर प्लांट के भीतर रखी कीमती कॉपर ट्यूब को क्रेन से उठाकर दीवार के बाहर फेंकने की वारदात कैसे अंजाम दी गई? चोरी का माल अलग-अलग स्थानों तक कैसे पहुंचा? और कितने अन्य खरीदारों तक चोरी की संपत्ति पहुंचाई गई?

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई में तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं और करीब 15 किलो कॉपर ट्यूब बरामद हुई है। इस मामले ने साफ कर दिया है कि चोरी की संपत्ति को खरीदने और उसे खपाने वालों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

₹5 हजार का इनाम घोषित! खरसिया में मारपीट और चाकूबाजी का फरार आरोपी फैज खान पुलिस की गिरफ्त से बाहर, रायगढ़ एसएसपी ने जारी की उद्घोषणा...

सक्ती में पुलिस की दबिश के बाद युवक की मौत से मचा हड़कंप! महेश राम केंवट का तालाब में मिला शव, प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू निलंबित; परिजनों ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप, एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम...

सरसींवा में खूनी संघर्ष! पैसों के विवाद में श्रीकांत पर टंगिया-रॉड से जानलेवा हमला, पिता सवित और दो बेटों भरत-टेकू पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज...

RM24 NEWS – स्वागत है